Friday, 16 October 2015

नीली धूप में ...........

आज हवा
नीचे से ऊपर को बह रही
आदमी 
हमे अब कुत्ता पुचकार रहा है
घोड़ा
अब गाड़ी में बैठा सोच रहा
और उसे कोचवान खींच रहा
भगवान भक्त को ढूंढता
टीवी पर चीख चीख कर पुजारी का मोल पूछता
घड़े को जल पी रहा
मछलियाँ अब हवा में तैर रही
बकरियां अब खुद अपना दूध पी रही
हाथ की लकीरों को
भाग्य पढ़ रहा है ..
पेड़ की शाख पर बीज उग रहा
बेटा अब माँ को जन्म दे रहा..
सूरज की रौशनी को दिया चाट रहा
सूरज ............
पश्चिम से पूरब को चल रहा है
घर के ईशान कोण में
उजाला भी है तो कैसा है ..........सुबह का
आंख खुलते ही ...........
सबकुछ गड्ड मड्ड है ...
उफ्फ क्या यह देख रहा हूँ ?
सर पकड़कर बैठ भी नही सकता ........
धूप भी कुछ गीली गीली है
अरे यह भी तो नीली नीली है ..
काले आसमान में
छाँव धरुं भी तो कहाँ ................
इस नीली धूप में
*
रामकिशोर उपाध्याय
Comment

कुछ तो है..............


---------------------
शतधा आबद्ध 
होकर दौड़ता हूँ उस गली में 
जो जाती है तुम्हारे ह्रदय की कली में 
पर आते ही तुम्हारा घर निकट
जाने क्या हो जाता है विकट 
जो थम जाते है पाँव 
कुछ तो है जो रोकता है मुझे ..............
शतधा प्रतिबद्ध 
होकर सोचता हूँ उस उपवन का 
खिलते हैं जहाँ जूही और चंपा 
पर उन्हें वेणी में गूथने से पूर्व 
जाने क्या घटित होता है अपूर्व 
कुछ तो है जो मोड़ता है मुझे .........
शतधा कटिबद्ध 
होकर प्राप्त कर लेना चाहता हूँ तनमन 
और धरा को छोड़कर उड़ जाता हूँ गगन 
पर न जाने क्षितिज आने तक 
जाने क्या होता है अदृश्य 
जो टूट जाते है पंख 
कुछ तो है जो घूरता है मुझे ................
सोचता ही रहता हूँ क्यों 
एक पड़ाव पर आकर एन्द्रिक अनुभूतियाँ अब हो जाती है निर्मूल 
और हो जैसे सेमर का फूल 
कुछ भी नाम दे सकते है ..
निष्ठुर ..निर्दयी 
या निर्मोही 
मगर यह है प्रेम का पर्व
जिसपर हमे है गर्व 
यह तो है गीत ..
साँसों की द्रुत विलंबित लहरों का संगीत .......
समय को बांटते प्रहरों से प्रतीत ...
परन्तु हूँ और रहूँगा 
सदैव 
आबद्ध 
प्रतिबद्ध 
कटिबद्ध 
बस प्रेम में ..
बस प्रेम में ...........
*
रामकिशोर उपाध्याय

Tuesday, 14 July 2015

अपना कह देने तक .....


********************
नहीं होता
इतना सहज
किसी को अपना कह देना
यह यात्रा
कभी -कभी एक क्षण में पूरी हो जाती हैं
कभी -कभी
प्रतीक्षा युगों युगों तक करनी पड़ती हैं
बरगद की जटाएँ
जब धरती में समाकर तन जाती है
और तने पर परत दर परत
चढ़ती चली जाती है किसी पीड़ा के स्राव की
और किसी अतृप्त कामना के छोटे-छोटे सींग
बरस दर बरस लम्बे होकर उसके शरीर पर जब भार हो जाते है
तब भी  अस्थि पिंजर में
कैद इस नश्वर देह को
करना ही होता है अनुपालन मन का
और मन
सूरज की गर्मी से नही
चाँद की नरमी से भी नही
चलता है तो
लहरों पर सवार होकर
आँखों के शासन से
और करेगा मन उनकी
प्रतीक्षा .
अपना कह देने तक .......
*
रामकिशोर उपाध्याय

Friday, 10 July 2015

एक गीतिका/ग़ज़ल *















============
दे गई दर्द जब हर दवा क्या कहें
हो गया वक्त ही बेवफ़ा क्या कहें
*
इश्क में चाक दामन उसी ने किया
पर मिली बस हमीं को सजा क्या कहें
*
साँस सरगम बनी जब बजी प्रेमधुन
क्या किसी ने कहा या सुना क्या कहें
*
प्यार की हर तमन्ना हुई थी जवां
आ रही है अभी तक सदा क्या कहें
*
प्यास जब कुछ बढ़ी दूर थी वो नदी
बीच मझधार जा खुद फँसा क्या कहें
*
रामकिशोर उपाध्याय
10 जुलाई 2015

Thursday, 9 July 2015

आओ जग से प्रीत निभाये ....



गीत
-----
*
नफरत में डूबा जग सारा
दहशत की बहती है धारा
बिछड़ों को फिर मीत बनायें,
आओ जग से प्रीत निभाये |1
*
पथ में कांटे लोग बिछाते,
बिन कारण के खूब सताते ,
अब इनकी ये रीत मिटायेे ,
आओ जग से प्रीत निभाये | 2
*
मैं हिन्दू हूँ तू है मुल्ला ,
इक ही रब तो क्यों है हल्ला
मिलकर अब यह भीत गिराये
आओ जग से प्रीत निभाये | |3
*
जग को देख उठे जब शंका,
घर-भेदी ढाये जब लंका,
रामराज्य सा द्वीप बनाये |
आओ जग से प्रीत निभाये |4
*
प्रेमभाव से अनुप्राणित कर,
जातपात का भेद मिटाकर,
मिलजुलकर हम दीप जलाये ,
आओ जग से प्रीत निभाये |5
*
रामकिशोर उपाध्याय

क्योंकि मैं धरती हूँ .....













चट्टान 
तो कठोर ऊन्नत होगी ही 
वारिद 
तो धूम्र व्यापक जलयुक्त होगा ही
गगन
तो नीलवर्णी अनंत आच्छादित होगा ही
वायु
तो अल्पभार और गतिमान होगी ही
सागर
तो बृहद तरल होगा ही
सबके अहम को सुनकर धरा बोल पड़ी
विशाल चट्टान
विस्तृत सागर
धूम्रवर्णी मेघ
चंचल पवन
सभी को अपने वक्षस्थल पर धारण करती हूँ
समय पर क्षितिज पर गगन संग रमण करती हूँ
जब मनुज हल से भेदता हूँ मुझे
मैं बस मुस्करा देती हूँ
और प्रकृति से जनन का भार लेकर जिया करती हूँ
फिर भी शांत सहज सरल रहा करती हूँ
क्योंकि मैं धरती हूँ ............
*
रामकिशोर उपाध्याय

Thursday, 2 July 2015

एक ग़ज़ल

ग़ज़ल 
***
ठहरी डगर को फिर घुमाकर देखना
उजड़े शहर को फिर बसाकर देखना
*
गर चाहता है जिंदगी में तू अमन
कुछ भूल जा,कुछ को भुलाकर देखना
*
सागर किनारे प्यास बुझती है कहीं
कुछ बादलों को घर बुलाकर देखना
*
देगा दुआ तुझको,,मिलेगी बस ख़ुशी
भूखे बशर को कुछ खिलाकर देखना
*
मैं भूल सकता हूँ तुझे मुमकिन नहीं
तुम इस फ़साने को भुलाकर देखना
*
गर चाहता है रब मिले तुझको कभी,
दिल से अना,नफरत मिटाकर देखना
*
दुनिया चली है प्यार से ही आजतक
इक प्यार की शम्मा जलाकर देखना
*
रामकिशोर उपाध्याय