Tuesday, 12 February 2013

सच की धूप


घने पत्तों  से
छन -छन कर
धूप हवा को चीर कर
धरती पर गिरती हैं
हरे हरे पत्ते सुखकर
तड-तड  की आवाज करने लगते
मानों गली का गुंडा  बे-वेजह पीट  कर भी
रोने नहीं दे रहा हैं
किसी भाई को
उसकी बहन को छेड़ने से रोकने  पर
हवा भी चुपचाप
कोई साँस नहीं ले रही हैं
लगता हैं वह भी गवाह नहीं बनना चाहती
उसकी बेगुनाही का
जो पिट गया बे-वजह
मौसम भी बहक गया है
सर्द हवा के बदले लू बहने लगी हैं
जंगल की सत्ता में
सन्नाटा काबिज हो गया हैं
शेर के स्थान पर बिल्लियाँ गुर्राने लगी हैं
बदलते हालत में
शायद सभी जान गये हैं
विपरीत प्रवाह में नाव को
धकेला  जा  सकता नहीं  हैं
झूठ  चाहे कितना भी
हराभरा हो
निर्भीक हो
गिरे पत्तों के समान
सच की धूप में
टूट ही जाता है, एक दिन ।

Sunday, 10 February 2013

स्वागत करो हे नाथ! स्वीकार




ह्रदय-कमल कर में,
शुभभावनाओं से गुथा हार,
दर्शन पाकर धन्य हैं,
स्वागत करो हे नाथ! स्वीकार।

आनंद असीम उर में
उठती हैं हिलोरे बारम्बार
पुलकित हो उठा उपवन 
नव्पुष्पो से करा  श्रंगार,
स्वागत करो हे नाथ! स्वीकार।

वाणी का मृदुल प्रवाह
नयन द्वय से झरे स्नेह अश्रुधार
रीता हुआ घट प्रशंसा का
रुद्ध कंठ , अभिव्यक्ति लाचार,
स्वागत करो हे नाथ! स्वीकार।

नहीं उपालंभ विलम्ब का
केवल स्नेहिल मिलन -विचार
मेरा मस्तक हैं  सज्जित आसन
खुले  गेह के समस्त द्वार
स्वागत करो हे नाथ !स्वीकार।

Saturday, 9 February 2013

मौन


मस्तिष्क में उठता बवंडर 
आँखों में लहराता आसुओं का समुन्दर 
अंग-प्रत्यंग में अपूर्व कोलाहल 
ह्रदय में करूण क्रंदन 
दिगदिगन्त होता  विरह में घोर रुदन
अन्तर्मन में अप्रत्याशित उद्वेलन 
धमनियों में अनियंत्रित स्पंदन 
निशब्द होना ही नहीं होता 
मौन ---------------. 

Thursday, 7 February 2013

स्याह दिन










जब से दिन स्याह होने शुरू हुए हैं'
हमें  अमावस बहुत भाने लगी हैं।

जब से  कसमों को  झुठला  रहे हैं,
हमें  वफाई बहुत  सताने लगी हैं।

जब  से  अश्कों के  झरने बह रहे हैं,
हमें गहराई बहुत  बुलाने लगी है। 

जब से बंदगी में हाथ नहीं उठ रहे  हैं,
हमें रुसवाई बहुत रिझाने लगी हैं।

जब वे  ख़त लिखना बंद कर रहे हैं,
हमें रोशनाई बहुत रुलाने लगी हैं। 












Sunday, 27 January 2013

हमारा 64वां गणतंत्र दिवस



लोग कर रहे हैं चर्चा 
कौन बनेगा अगला राजा 
किलों में चक्रव्यूह बनाये जा रहे है 
मीडिया भी खेमाबंदी  में जुट गया हैं
रोज नए -नए टॉक शो हो रहे है 
सर्वे आ रहे हैं 
फत्तू राजा बनेगा 
नहीं-नहीं लट्टू बनेगा 
लोग एंकर के जवाब देते -देते हलकान हो रहे हैं 
लोग  टीवी देखने के मजबूर हैं 
और फिरकी की तरह घूम रहे हैं 

 नए- नए नारे और जुमले उछाले जा रहे हैं 
विदेशी  टीमों ने  प्रचार की कमान संभाल ली हैं  
ट्विटर पर ट्विट किये जा रहे हैं 
और फेसबुक पर नए -नए पोस्ट किये जा रहे हैं 
मिडिल क्लास को फोकस किया जा रहा है,
भैय्या , इस बार यही ग्रुप जितायेगा 
पर राजगद्दी तो अभी खाली नहीं हैं 
राजपुत्रों ने डिजाइनर को आर्डर दे दिए हैं 
नए नए कुर्तों के --
खाली है तो नत्थू की थाली 
विक्की इनके  स्कूल से  एम बी ए करके 
सिफारिश के लिए इन्ही के द्वार पर दस्तक दे रहा हैं 
64वें गणतंत्र दिवस  पर हैं  बस यही नजारा 
पर उन्हें हैं विक्की और नत्थू के वोट का  सहारा 
पैसा फैंक कर वोट लेंगे
और पैसा कमाएंगे 
और क्या? 

Saturday, 19 January 2013

भारत का सिपाही




एक था बेटा 
लाडला था गाँव का 
बना सैनिक 

उठा बन्दूक 
सीमा पे डट गया 
वतन रक्षा 

देखता अरि 
निकाल लेता ऑंखें 
बढाता  मान

बुरी नज़र 
खा गयी थी उसको 
क्षत मस्तक 

नहीं झुकाया 
भाल देश माँ का 
देकर शीश 

निढाल माँ के 
पूछते नहीं है आंसू
बच्चे उदास 

सूनी है  आंखे
नवविवाहिता की 
अधर शांत  

देता सम्मान 
वीरोचित सभी को 
नहीं दुराव     

नहीं भूलता 
बलिदान वीरो का 
मेरा भारत 

Monday, 14 January 2013

कुम्भ /मकर सक्रांति

आज कुम्भ (14 जनवरी ,2013) का शुभारम्भ हुआ ,55 दिन तक यह महापर्व 10 मार्च को पूर्णता प्राप्त करेगा फिर अगले स्थान की और ..... .  मकर सक्रांति पर्व . इस अवसर पर समर्पित है यह हायकू।




सर्दी अलाव 
रेवड़ियाँ गज़क
तिल के  लड्डू 

उडी पतंगे 
प्रेम की लम्बी डोर 
साथ कुनबा 

आस्था  का कुम्भ 
तीन हैं डुबकियाँ  
खाओ  खिचड़ी