Saturday, 12 January 2013

मैं स्त्री हूँ




जब मैं नहीं देखती तुम्हे 
तुम  कोशिश करते हो  कि मैं तुम्हे देखू ,
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ --

जब मैं नहीं मुस्कराती 
तुम चाहते हो कि मैं खिलखिलाकर  हंस पडू
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ ---

जब स्पर्श तक तुम्हारा  मैं नहीं चाहती     
तुम चाहते हो कि मैं तुम्हारी सेज पर बिछ जाऊ  
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ ---

जब योग्य ही मैं नहीं समझती 
कि प्रेम करू तुम्हे और करूँ सर्वस्व अर्पण 
तभी तो मैं तुम्हे दुत्कार देती हूँ 
क्यूंकि तुम नहीं पाते रिझा मुझे 
तब तुम बल से छीन  लेना चाहते हो
समझकर निर्बल कर देते हो मेरा शरीर क्षत-विक्षत 
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ-

मैं जब चाहती हूँ, तभी मुस्कराती हूँ 
जिसे  मेरे नेत्र और आत्मा स्वीकार करे 
तभी मैं उस ओर   देखती हूँ 
जो मुझे लगे कि हैं उपयुक्त 
तभी करती हूँ मैं समर्पण 
वही करती हैं मैं रमण
जीवन पर्यन्त  
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ-

तू ,यह जान ले पुरुष ! 
अब मैं शरीर पर वार को  नहीं समझती 
कि मेरी अस्मत चली गयी
बस एक राह  चलते दुर्घटना हुई  
अपराधी तुम ही रहे,  
मेरी आत्मा तो निष्कलंक ही रही
इसके बाद भी-
मैं तो जननी , जगत्जननी  हूँ और  रहुंगी  
दुर्गा , शिवा और लक्ष्मी थी, हूँ और रहूंगी 
अब मैं नहीं हूँ  अतीत की अबला नारी
छुआ मुझे तो  समझले आयी हैं मिटने की तेरी बारी 
क्यूंकि मैं स्त्री हूँ-

Friday, 11 January 2013

ये धरती ,ये माता , कुछ मांग रही हैं




उठ जागो अब ऐ वीरों !
ये धरती ,ये माता , कुछ मांग रही हैं,

पिला दूध ,जल और खिला अन्न 
अपने वक्षस्थल का --
सींचा है तुम्हे  अपने लहू से  
दिया हैं चौड़ा सीना 
भरी शिराओं में उर्जा 
अब उसका और अपमान न कर 
चूका ऋण ,ले  आ मस्तक अरि का ,
कर अनुपान शीघ्रता का 

उठ जागो अब ऐ वीरों !
ये बिलखते बालक ,ये रोती नगरी , कुछ मांग रही हैं।

---राम किशोर उपाध्याय 
12.1.2013

Friday, 4 January 2013

मेरा अज्ञान



तत्व 
नहीं पहचानता 
अमरत्व 
नहीं जानता
बस एक
घट हैं -----
जिसके भीतर हैं
एक लोथड़ा
मांस का
ह्रदय --
रहता हैं जहाँ
मेरा विश्वास
मेरा ईश्वर
मेरा प्राण
निष्कलंक
निष्पाप
और
निर्गुण।

Wednesday, 26 December 2012

पाक मोहब्बत




लौटकर आऊंगा   फिर भी बार-बार,
दुत्कारो तुम मुझे चाहो जितनी बार।

दिल दिया है तुम्हे   जानबूझकर,
ये सौदा नहीं किया हैं हमने उधार।

जफ़ाओं से नहीं हूँ खफा कतई मैं,
इश्क की बाजी में तो होती है हार।

जुल्फें तेरी लहराये  किसी के कांधे पे,
मुझे क्या,पर फिर भी है जान निसार।

इस शहर में ढूंढ़ ही लेंगे एक मकान
मगर तुम  हमारे बिन रहोगे  बेजार।

ना उठा पाए हो बाजू  तुम्हारे ख्वाब
तुम्हारी  सांसों से आती हैं यहाँ बहार।

होशियारियाँ,बे-वज़ह



Young Man Looking Up With A Magnifying Glass


कभी कभी मन को उदासी बहुत घेरती हैं , बे-वज़ह,
कभी कभी आसमान को घेरती हैं 
बदलियाँ, बे-वजह। 

इस हादसों के शहर में कब क्या हो जाये पता  नहीं,
कभी कभी इंसान को 
 चीरती हैं  गोलियां, बे-वज़ह।

    बुलंद होसलें से जब हम  अपनी मंजिल को नापते हैं  ,
    कभी कभी अंजाम  को  ठेलती  है खामोशियाँ , बे-वज़ह। 

    कहते सयाने कि  बना भेस चलाचल जैसा हो देस तेरा ,
    कभी कभी मिजाज़ को कुरेदती हैं होशियारियाँ,बे-वज़ह। 
   

Monday, 3 December 2012

साहिल पे नज़ारा




साहिल पे मैं बस, मौजों का नज़ारा देखता हूँ,
वो जाती बार बार, मैं पैरों के निशां देखता हूँ।

जब लहरों में डगमगाती जब खुद्दार वो कश्तियाँ,
पुख्ता इरादे के नाखुदा में , मैं फ़रिश्ता देखता हूँ।

जहाँ तहां पड़े हैं यहाँ सीप, घोंगे और कौड़ियाँ ,
समेटने में मशगूल ,मैं परेशान जहाँ देखता हूँ।

जाल को काट कर हंस रही हैं व्हेल मछलियाँ ,
मछुवे के सन्नाटा परसे मैं बस मकाँ देखता हूँ।

मुसाफिर को जब छलती है सागर में दूरियां ,
इश्क में जलता ,खुद का ही दिया देखता हूँ।

दिन ढले अक्सर छाती हैं रूह में विरानियाँ
चांदनी से होता मैं चंदा का निकाह देखता हूँ।

घिरती रात में बढ़ती हैं लहरों की अठखेलियाँ
कल फिर मिलेंगे, इस यकीं में खुदा देखता हूँ।





(
साहिल पे नज़ारा को मैंने दुबारा लिखा है। आशा है कुछ अच्छा लगेगा।)

साहिल का नज़ारा




साहिल पे  मैं बस, मौजों का नज़ारा देखता हूँ,
वो  जाती बार बार, मैं  पैरों के निशां देखता हूँ। 

अक्सर  कश्ती को उलझते लहरों से देखता हूँ,
बैचैनी से नाखुदा  में,   बस खुदा को देखता हूँ।

सीप, घोंगे और कौड़ियाँ , दम तोड़ते देखता हूँ,
ख़ुशी से लपकते, ब्योपरियों को बस देखता हूँ।

फिर जाल को व्हेल से कटते हुए बस  देखता हूँ,
और मछुवारे के घर पसरे सन्नाटे को देखता हूँ।

बहुत दूर से  सूरज को बस ढलते हुए देखता हूँ 
आगोश में लेते आग,मैं समुन्दर  को देखता हूँ।

उठकर जाते हुए  घर, एक परिवार को देखता हूँ,
चांदनी को करते  इशारा, बस चाँद को देखता हूँ।

फिर बस बढ़ते हुए लहरों के शोर को  देखता हूँ ,
कल फिर मिलेंगे, कहते हुए  खुद को देखता हूँ।