Monday, 3 September 2012

ये आदमी भी क्या चीज है





हर दिन अपनी एक इंच  जगह के लिए झगड़ता 
महलों और किलो के ख्वाब बुनता
और उसी भट्टी में पिघलता
जिसमे वो सिक्के बीनता 
नीड़ो और झोपडों में टेक लगता
जिस पानी को पीता,
उसी से बरसात में डरता
आग से भूनता आलू
पर सेक से डरता


जिस लकड़ी की पतवार बनाता
उसी लकड़ी में जल जाता
 मरने के बाद के लिए भी
आटे के गोले कफ़न में रखता
जीते जी घी का दिया भले ना जलाया हो
पर  चिता में घी का डिब्बा फेंकता
लोग राख बनने तक तकते रहते
कही जिन्दा न हो जाये
राख को पानी के हवाले करके
घर लोटते और फिर चूल्हे के पास बैठकर
कई गलियां देते
कई कसीदे पढ़ते
आत्मा तो अजर अमर है
वो जो गया वो भी इधर हैं
ये आदमी भी क्या चीज है 

प्रेम का सीमित उपहार




रवि-रश्मियों का होता है प्रपात 
होता प्रकाशित धरा का  हर कोना 
बिखर जाता नम पत्रों पर सोना  
यही हैं  प्रकृति का  निरंतर दुलार  (१)

नभ कर में थामे उत्तेजित घन को 
थम -थम करने दे झरने थल पर 
नहा उठती सोंधी-सोंधी गंध से धरा 
आती जब निकट वो प्रथम फुहार  (२) 

दिवस होता विदा थामे रजनी हाथ 
सिमट जाती धूप सारी ही हठात 
हो मन प्रफुल्लित या फिर  म्लान
यही  प्रक्रिया, यही नित्य व्यव्हार (३)

स्वप्निल नयनों के उपवन में 
निरंकुश भ्रमर  का मंद पदचाप 
विरह का होता वही प्रचंड अघात 
प्रेम में मिलता है सीमित उपहार (४)

Monday, 16 July 2012

शत-शत नमन हे काशी !

मै  20-9-2010 को दिल्ली सें  काशी में स्थानांतरण होकर आया था । कई मीठी यादों को संजोया जो अब मेरे जीवन का अंग बनकर सदैव मेरे साथ रहेंगी। काशी ने सृजन का खूब समय दिया। काशी की बात ही निराली हैं शायद तभी यहां कबीर दास,रविदास व तुलसी दास  संत और कवि बन पायें । मेरा आशय उन महान पुण्य आत्माओं सें अपनी तुलना करने का कतई नही हैं । ये लोग, भारत या कहूं कि सम्पूर्ण विश्व  के महान व्यक्तित्व थे, मेरे जैसे अनेक   लोगों के वे प्रेरणा-स्रोत अवश्य हैं । हां , इस पवित्र भूमि की प्रशंसा का अवश्य मंतव्य हैं । अब मै यहां से  शीघ्र ही कार्यमुक्त होने वाला हूं,अत: यह रचना इसी मकसद की पूर्ति का क्षुद्र प्रयास है ।


 शत-शत नमन हे  काशी !

 शत-शत नमन हे काशी !
 भैरव की कृपा से जहां रहा मेरा प्रवास,
 संकट मोचन के पास
 हुआ मेरे भौतिक,दैविक कष्टों का नाश ,
 उत्तरवाहिनी होती यंहा गंगा  
 उतर जटाओं से शिव की
 चरण-प्रक्षालन करती, उनके बहती आसपास,
 मां अम्बा की शक्ति से
 पायी मैने नित नई आस्था और विश्वास,
 पाप और पुण्य के चक्र में
 भटकता जगत पाता यहां विराम
 यही पर रहकर मिले
 कबीर और तुलसी को अपने-अपने राम ,
 प्रभु को मान कर चंदन
 बनाकर ख़ुद को पानी, यहीं किया रैदास ने वंदन
 अब चाह नही मोक्ष किसी की
 मैने शिव को पाया हैं
 नही बैठा वह किसी मंदिर में
 वह तो घट-घट में समाया हैं
 करू क्या मैं वर्णन महिमा का तेरी
 रूंध रहा हैं कण्ठ मेरा, शब्द नही हैं पास,
 शत-शत नमन हे काशी !
 भैरव की कृपा से जहां रहा मेरा प्रवास ।

 17-7-2012

Friday, 13 July 2012

स्वांत ******




आया प्रवाह तो उठी मन में एक अजब तरंग |
भाव की डोर बंधी, उडी अब जीवन की पतंग ||
*
सांसों में समाया मलय वन, रची तन में सुगंध |
बिटप को छोड अब जगी जिजीविषा की भुजंग ||
*
वन में कूके कोयलिया,मन नाचे मयूर संग |
वीणा के तार सधे,बजे सब ढोल और मृदंग ||
*
अनंत में खोया अंत, भ्रम से छूट गया विहंग |
जागी कुण्डली,हिलोरे मारे परमानंद की तरंग ||
*
खो गई सब चेतना,अब रही न निराशा या उमंग |
स्थूल मिटा, सूक्ष्म जगा, हुई जब योगशक्ति संग ||
*
रामकिशोर उपाध्याय (C)

Wednesday, 11 July 2012


धुंध मे लिपटी सुबह

ठिठुरती कंपकपाती रात
पैर भी मुडे-तुडे
पलके हो चली बोझल
कई प्रहर की निद्रा
ठंडे जमीन के बिस्तर के पास आने से कतराती
वो जाग रहा था
बस एक आशा का अवलम्ब लिए
सुबह का सूरज
चिडियों की चहचहात ने 
किया उसे विवश
मुंह पर बर्फ के कतरों को
फटी बाजू से रगडता
अवनी मधुचंद्रिका में अभी भी लिप्त हैं
उसकी शिराएं जम गई देखकर
धुंध में लिपटी सुबह ----

Thursday, 5 July 2012

शरारत 
खोली जो हमने खिड़की ,
वो एक इशारा कर चले गए .
थामे बैठे रहे हम दिल , 
वो धड़कन चुरा कर चले गए .
दिया बुझा कर रखा हमने,
वो जज़्बात भडका कर चले गए.
बैठे जो हम आंखे बंद करके
वो ख्वाब दिखा कर चले गए.

बरसात




कभी कडकती बिजली  लपलपाती
कभी तेज झोंकों से डराती
कभी नन्ही –नन्ही बूंदों की बौछार
तो कभी मूसलाधार
बरसात --
लगता हैं आई हैं आज
मेरी देहरी पर पहली बार
चाहती हूं फेंक दूं
अपनी चुनरिया
तंग अंगिया
और
औढ लू बूंदों की झीनी चदरिया
कह दूं –
हे गगन, हे पवन और हे धरा
हे प्रकृति महान-
ये गोल -गोल मुखाकृति
ये खंजन नयन
ये मदमस्त यौवन
जीवन अमृत को थामे ये नत कुच
स्वर्ण मेखला से सजा कटिप्रदेश
मृगी की चाल
बस देख ले इस बार
ना मिलूंगी अगली बार
आरहा हैं पुरूष मेरा, मेरा प्यार
मिल जायेगा सृजन का भार
बारम्बार ---
चाहे वारिद बरसे दिन चार  
लांघकर देहरी, डूबो दे मेरा घर द्वार
ना मिलूंगी फिर बार-बार
मिलूंगी तो शिव के द्वार
जंहा होगी ना चाहट
नव देह की एक भी बार
ना ही चक्र आवागमन का
राग और द्वेष का
देव के चरणों में
मैं भस्म में लिपटी
मिलूंगी -
बस शून्य में सिमटी !
बस शून्य में सिमटी !!